Saturday, 12 March 2011

दीदी


मेरी दीदी बहुत प्यारी है. वो मुझे मम्मी से भी ज्यादा प्यार करती है. मम्मी जब ऑफिस में रहती है तो दीदी मुझे खाना खिलाती है और मेरा होमवर्क भी कराती है. मेरी दीदी मुझे हमेशा पापा की डांट से बचा लेती है पर मैं उसे कभी नहीं बचा पता. पापा हमेशा उसे डांटते रहते हैं. रात में जब मुझे अँधेरे में सू-सू जाने में डर लगता है तो मेरी दीदी मुझे सू-सू कराने ले जाती है. मेरी दीदी बहुत बहादुर है, उसे अँधेरे से भी डर नहीं लगता. रात में जब भी मुझे डर लगता है तो मेरी दीदी मुझे कसके अपने से चिपका लेती है, उसके बाद मुझे बिलकुल डर नहीं लगता. 

आज मैंने दीदी को एक लड़के के साथ बाईक पर आते देखा. दीदी बहुत खुश थी और हंस रही थी. मेरी दीदी हँसते हुए बहुत अच्छी लगती है. उस लड़के की बॉडी सलमान खान जैसी थी. मैं भी बड़ा हो कर उसके जैसी बॉडी बनाऊंगा और वैसी बाईक भी खरीदूंगा. जब दीदी घर आई तो मैंने दीदी से बोला की मुझे भी उस बाईक पर बैठना है, दीदी ने मुझे वादा किया है की वो मुझे उस बाईक पर बिठाएगी. उसने ये बात मम्मी पापा से बताने को मना किया है नहीं तो मम्मी पापा मुझे और उससे कभी बाइक पर नहीं बैठने देंगे, मैं ये बात मम्मी पापा से कभी नहीं बताऊंगा.

आजकल दीदी बहुत उदास रहती है. दोपहर में जब वो कॉलेज से आती है तो खाना भी नहीं खाती. मेरा भी खाने का मन नहीं करता पर वो मुझे जबरदस्ती खिलाती है और जबरदस्ती होमवर्क भी कराती है. दीदी आजकल अकेले में रोती है पर जब मैं जाता हूँ तो हंसने लगती है. रात में वो मुझे अपने से चिपका कर रोती रहती है, वो सोचती है कि मैं सो गया हूँ पर मैं नहीं सोता.

आज घर में बहुत भीड़ है. आज दीदी ने मुझे उठाया भी नहीं. दीदी बाहर वाले कमरे में जमीन पर लेटी है. मम्मी पता नहीं क्यों रो रही है. खूब सारे लोग बैठे हैं. लगता है दीदी कि तबियत ख़राब है. मुझे पता है कि दीदी तबियत ख़राब होने पर कौन सी दवा लेती है. मैं दवा ले के मम्मी के पास गया तो मम्मी और रोने लगी. मुझे कोई दीदी को दवाई नहीं देने दे रहा. मुझे रोना आ रहा है पर दीदी मुस्कुरा रही है, मेरी दीदी मुस्कुराते हुए बहुत अच्छी लगती है.....

No comments:

Post a Comment

Competent Authority

You imagine a girl painting a picture of you as Tyler Durden from fight club. A pizza delivery boy goes to deliver a pizza at a whorehouse. ...