हर मुश्किल से निकलने का रास्ता अवश्य होता है, कभी कभी वो रास्ता कठिन अवश्य हो सकता है पर होता अवश्य है। शौक बड़ी चीज है, और आदत कभी कभी मजबूरी होती है। खाने के बाद सिगरेट पीना शौक है या आदत इसका पता नहीं लेकिन जितना आनंद आता है, लगता तो शौक ही है। हर समय सिगरेट पीना आदत है, और सामाजिक और स्वास्थ्य के लिहाज से बुरी आदत है। अकेले होना कोई दुर्भाग्य नहीं कभी कभी ये अपने में ही एक वरदान साबित हो सकता है। आपको किसी की झूठी प्रशंसा नहीं करनी होती, जो काम आपको ग़लत लगता है उसमें साथ नही देना होता। अकेलेपन के नुकसान हैं तो फायदे भी हैं। कोई व्यक्ति ग़लत रास्ते पर जा रहा हो तो उस चेता देना ही उचित होता है, खासकर जब वो आपका मित्र हो। कभी कभी ज़िन्दगी का तमाशा बन जाता है और कभी कभी ज़िन्दगी का तमाशा बना दिया जाता है। किसी की ज़िंदगी का तमाशा बनाना एक क्रूरता है पर ऐसा करने वाले लोग कम नहीं हैं। सुरक्षित जगहों पर बैठ कर जाने वाली रेलगाड़ियों पर पत्थर मारना बिगड़े हुए भारतीय बच्चों को बखूबी आता है। इसमें गलती किसकी है कि उन्हें शिष्टाचार नहीं सिखाया गया।
कभी कभी आपको कोई रास्ता नहीं दिखता। इसलिए नहीं कि कोई रास्ता नहीं है बल्कि इसलिए कि आपको नही दिख रहा। आपको किस चीज़ से डर लग रहा है? इससे की लोगों को आपके दिल में गहरी छुपी बातें पता चल जाएंगी या आपकी हीनभावना के बारे में पता चल जाएगा? क्या आपमें हीनभावना है और अगर है तो किस बारे में है। क्या आपकी हीनभावना का जन्म इस विचार से होता है कि आप दूसरों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाएंगे? ये तो हीनभावना नहीं। फिर ये क्या है, अपनी शान की चिंता या फिर समाज को वापस न दे पाने दुख, या फिर शायद दोनों। आप डरते हैं कि लोग आपको गलत न समझें और आप हर काम एक आदर्श बालक या बालिका की तरह करते हैं या फिर करना चाहते हैं। आप ये भूल जाते हैं कि हर जगह सामाजिक नियम अलग अलग होते हैं और फिर आपको एहसास होता है कि चाहे आप खाने के बाद सिगरेट पियें, आपको एक बार देखने वाले आपको जैसे कि आप सच में है, उस तरह से देखने की बजाय एक सिगरेट पीने वाले के तौर पर देखेंगे।
आपको अच्छाई पर भरोसा है, आप चाहते हैं दुनिया अच्छी रहे दुनिया में लोग अच्छे रहें। अगर बुरे भी बने तब भी रोबिनहुड की तरह बुरे बनें। आपने काफी दिनों से बारिश महसूस नहीं की, आपको बारिश अच्छी लगती है, जब आकाश में बादल आतें है और आप अपने आंगन में लगे करोंदे के पेड़ के रंग देखते हैं। किसी गठिया रोग से पीड़ित व्यक्ति से बारिश का हाल पूछिये जब उसके अंग अंग में दर्द होता है। क्या पता दर्द के बावजूद उसे बारिश अच्छी लगती हो। गुड़गांव में मज़े के लिए गांजा पीते युवक और अपने दर्द को कम करने के लिए आयुर्वेदिक रूप से गांजा पीते युवक में कितना फर्क है और क्या कोई ये फर्क समझना चाहता है?
आप जिसे प्रेम करते हैं उसे आपसे अच्छा कोई मिल जाये तो ये खुश होने की बात है या दुखी होने की? आप अपने अंधेरे के साथ ही खुश हैं आपको रात पसंद हैं बस चमकीले पीली रोशनी वाले बल्ब होने चाहिएं। इसका मतलब है आपको अंधेरे में भी रोशनी पसंद है, दिन तो रोज़ होता ही है। आपको रोशनी करने के पुराने तरीके पसंद हैं, जैसे कि मोमबत्तियां, कैंडललाइट डिनर का अपना मज़ा होता है, बस वो लोग मज़ा बिगाड़ देते हैं जो सोचते हैं कि आप कैंडललाइट डिनर करने के लायक नहीं हैं, आप तब भी बुरा नहीं मानते और आप एक लालटेन या फिर वो नहीं तो एक ढिबरी जला लेते हैं क्योंकि आप को वो भी पसंद है।
No comments:
Post a Comment